
हरियाणा मंत्री अनिल विज सडक हादसे मे बचे बाल बाल
चंडीगढ़, 8 जनवरी (विश्व वार्ता) हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुई सडक़ दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। विज ने कहा कि घटना उस समय हुई जब वह कुछ देर के लिए केएमपी एक्सप्रेसवे पर रुके थे। विज ने कहा, आज की घटना उसी जगह के करीब हुई, जहां पिछली घटना हुई थी। वह कुछ देर केएमपी पर रुके थे और अपनी कार में बैठे थे कि अचानक एक ट्रक ने उनके काफिले में शामिल वाहन को टक्कर मार दी, जो उनकी कार से लगभग 10 फुट पीछे था। इसके बाद काफिले में शामिल वाहन उनकी कार से टकरा गया। जिससे विज की कार क्षतिग्रस्त हो गई और सभी बाल-बाल बच गए। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह गुरुग्राम जा रहे थे। गत 19 दिसंबर को केएमपी एक्सप्रेसवे पर विज के सरकारी वाहन का ‘शॉक एब्जॉर्बर’ खराब हो गया था, जिसमें विज बाल-बाल बच गए थे। उस वक्त भी वह अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे।























