
हरियाणा एसटीएफ ने 65,000 रुपये के इनामी दो बदमाशों को किया गिरफ्तार
एक उत्तर प्रदेश का इनामी बदमाश तो दूसरा था 22 साल से फरार
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम एसटीएफ की एक टीम ने पहले अभियान में बंधवारी, गुरुग्राम निवासी महेश उर्फ ढोलू को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में विभिन्न धाराओं के तहत एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। यूपी पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 40 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी महेश उर्फ ढोलू को आगे की कार्रवाई के लिए टोनिका सिटी थाना नोएडा यूपी को सौंप दिया जाएगा।
एक अन्य कार्रवाई में एसटीएफ की टीम ने एक फरार व उद्घोषित अपराधी को रोहतक जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिवानी जिले के गांव ईशरवाल निवासी महावीर के रूप में हुई है। एसटीएफ गुरुग्राम यूनिट की एक टीम ने आरोपी को रोहतक जिले के कलानौर से गिरफ्तार किया है।
यह भी खुलासा हुआ कि पकडे़ गए बदमाश के खिलाफ भिवानी जिले के अलग-अलग थानों में पहले से ही पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार अपराधी पिछले 22 साल से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर छिपा हुआ था। आगे की कार्रवाई के लिए उसे थाना तोशाम, भिवानी को सौंप दिया जाएगा।
000





















