सुप्रीम कोर्ट का तलाक को लेकर महत्वपूर्ण फैसला
अब तलाक के लिए नही करना होगा 6 महीने का इंतजार
कोर्ट के पास शादी को निरस्त करने का होगा अधिकार, पढिये और क्या कहा सुप्रीम कोर्ट ने
चंडीगढ़, 1 मई (विश्ववार्ता) सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक बेंच ने आज तलाक को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि अगर पति-पत्नी का रिश्ता इतना खराब हो चुका है कि अब सुलह की गुंजाइश ही न बची हो, तो कोर्ट भारत के संविधान के आर्टिकल 142 के तहत तलाक को मंजूरी दे सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हमने फैसला किया है कि अगर दंपती की शादी पूरी तरह टूट चुकी है और रिश्ते के सुधरने की कोई गुंजाइश नहीं है, तो इस कोर्ट के पास शादी को निरस्त करने का अधिकार होगा। कोर्ट के इस विशेषाधिकार से मौलिक सिद्धांतों का उल्लंघन नहीं होगा।
जस्टिस संजय किशन कौल, संजीव खन्ना, ए. एस ओका, विक्रम नाथ और जे. के महेश्वरी की संवैधानिक बेंच ने कहा है कि “दंपती के तलाक की पिछली फैसले में जो भी शर्तें रखी गई हैं, अगर वे पूरी होती हैं तो आपसी सहमति से तलाक लेने के लिए 6 महीने के अनिवार्य वेटिंग पीरियड को हटाया जा सकता है।”
























