
सहायक अधीक्षक जेल के लिए चायवाले ने ली 1,00,000 रुपये की रिश्वत, एसीबी ने दोनों को किया गिरफ्तार
शिकायतकर्ता द्वारा एसीबी को सूचित किया गया कि जीआरपी थाना रोहतक में दर्ज एक मामले में उसका भाई व पड़ोसी सुनारिया जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं। उन्हें प्रताड़ित न करने कही एवज में सहायक अधीक्षक जेल ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी में दी शिकायत के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता से जेल परिसर के पास एक चायवाले अनिल को रिश्वत की राशि सौंपने के लिए कहा। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने छापेमारी कर चायवाले को उसकी चाय की दुकान से एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। बाद में सहायक अधीक्षक जेल जोगिंदर को भी जिला कारागार सुनारिया से गिरफ्तार किया गया।
दोनों के खिलाफ ब्यूरो थाना रोहतक में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
एक अन्य रेड में एसीबी की टीम ने नूंह जिले के पुन्हाना में तैनात जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी जेई गुरमेज सिंह शिकायतकर्ता से ठेकेदा के लंबित बिलों को पास करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
आरोपी के खिलाफ ब्यूरो थाना गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
000





















