
संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा
पंजाब में किसानों ने रेलवे ट्रेक किए जाम, यात्रीगण परेशान
चंडीगढ़ 18 अप्रैल (विश्व वार्ता) पंजाब में कई प्रमुख किसान संगठनों ने आज प्रदर्शन किया है। इस दौरान पूरे राज्य में आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक रेलवे ट्रैक जाम किया जा रहा है जिस कारण यात्रीगण काफी परेशान दिखाई दे रहे है। किसान जगह-जगह रेलवे ट्रैक पर बैठ गए हैं।
किसानों का कहना है कि केंद्र ने गेहूं के खराब दाने पर वेल्यू कट लगाया है। 5 रुपए से लेकर 32 रुपए तक वेल्यू कट लगाया है। पंजाब में किसानों ने अमृतसर, फिल्लौर, खन्ना, राजपुरा, फिरोजपुर, फरीदकोट, बठिंडा, मानसा, मलोट, फाजिल्का, जगराओं, गुरदासपुर, संगरूर, बरनाला, रोपड़, होशियारपुर, मोगा व समराला में रेलों का चक्का जाम किया हुआ है।
यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की गलती का खमियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान यात्री रेलवे प्रशासन पर भडक़ते हुए दिखाई दिए। यात्रियों का कहना है कि अगर रेलवे प्रशासन को पता था कि ट्रेनें रोकी जाएंगी तो उन्हें टिकट क्यों दी।
उन्होंने कहा कि वे गर्मी में बेहाल हो रहे हैं। बच्चों साथ हैं उन्हें लेकर कहां जाए। उधर, किसानों ने कहा कि उन्होंने पहले ही ऐलान कर दिया था कि 18 तारीख को रेलें रोकी जाएंगी, यात्री सफर न करें।























