
वनडे इतिहास मे नए तरीके से आउट होने वाले पहले बल्लेबाज बने श्रीलंका के मैथ्यूज
मैदान के बाहर दोनो खिलाडी के बीच जुबानी जंग हुई तेज, पढिये एक दूसरे के खिलाफ क्या बोल गये
चंडीगढ़, 7 नवंबर (विश्ववार्ता) वनडे विश्व कप 2023 में कल बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच हुए मैच मे काफी हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ। दरअसल, श्रीलंकाई पारी के दौरान 25वें ओवर में सदीरा समराविक्रमा के आउट होने के बाद श्रीलंका के बल्लेबाज एंजलो मैथ्यूज बल्लेबाजी करने आए थे। एंजलो मैथ्यूज के हेलमेट में समस्या थी, जिस वजह से उनके स्ट्राइक लेने में देरी हुई। मैथ्यूज के पास पहले गेंद को फेस करने के लिए दो मिनट का समय था, लेकिन उससे ज्यादा देर हो गई, जिसके बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टाइम आउट की अपील की। अंपायर ने इसे लेकर काफी देर तक आपस में चर्चा की और उसके बाद मैथ्यूज को आउट करार दिया। मैच के फोर्थ अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने बताया, ‘जब मैथ्यूज के हेलमेट का स्ट्रैप टूटा, तब तक दो मिनट की अवधि समाप्त हो चुकी थी।’ इसके बचाव में एंजलो मैथ्यूज ने एक वीडियो पोस्ट किया है। वहीं, बांग्लादेशी पारी के दौरान मैथ्यूज ने शाकिब को आउट किया था। इसके बाद मैथ्यूज ने शाकिब की ओर देखते हुए घड़ी दिखाई थी और टाइम आउट का इशारा किया था। दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने एक दूसरे से हाथ भी नहीं मिलाया था।
बांग्लादेश के कप्तान शाकिब ने मैच के बाद कहा मुझे अपनी अपील पर कोई पछतावा नहीं है। मैंने जो किया नियमों के दायरे में रहते हुए किया है। मैथ्यूज दो मिनट से ऊपर का समय ले चुके थे। मेरे एक साथी ने मुझसे कहा कि ये समय ले रहा है और हम टाइम्ड आउट की अंपायर से अपील कर सकते हैं। इसके बाद मैंने अंपायर से अपील कर दी। अपील के बाद वह मेरे पाए आए और मुझसे कहा कि क्या वह अपनी अपील वापस ले रहे हैं, मैंने इसे वापस लेने से इन्कार कर दिया।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मैथ्यूज ने कहा- मैंने कुछ गलत नहीं किया। जब मेरे हेलमेट का स्ट्रिप टूटा तब भी दो मिनट होने में पांच सेकंड रहते थे। यह पूरी तरह उपकरण के अचानक बिगडऩे का मामला था। मेरे पास वीडियो का प्रूफ है। शाकिब और बांग्लादेश ने पूरी तरह से गलत किया है। यह पूरी तरह से खेल की छवि के खिलाफ है। मैं आज के बाद शाकिब और बांग्लादेश की इज्जत नहीं कर पाऊंगा।























