लापता भारतीय पर्वतारोही बलजीत कौर नेपाल के माउंट अन्नपूर्णा में जीवित मिली
चंडीगढ़ 19 अप्रैल (विश्व वार्ता): दुनिया के 10वें सबसे ऊंचे पर्वत नेपाल के माउंट अन्नपूर्णा से उतरने के दौरान लापता होने के बाद मृत घोषित प्रसिद्ध भारतीय महिला पर्वतारोही बलजीत कौर जीवित पाई गई हैं। अभियान के आयोजक पसंग शेरपा ने पुष्टि करते हुए कहा कि कौर से रेडियो सिग्नल मिलने के बाद हवाई खोज दल उनका पता लगाने में जुट गया है।
इससे पहले मंगलवार सुबह आयोजक ने 27 वर्षीय बलजीत कौर के लापता होने की सूचना मिलने पर उसे मृत घोषित कर दिया था। पायनियर एडवेंचर के अध्यक्ष पसंग शेरपा ने बताया कि कई रिकॉर्ड धारक भारतीय महिला पर्वतारोही ने सोमवार को ऑक्सीजन का उपयोग किए बिना दुनिया की 10वीं सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई की थी। लेकिन शिखर बिंदु से लौटने के दौरान वह नीचे अकेली रह गई थी और मंगलवार सुबह तक उनसे रेडियो संपर्क नहीं हो सका था।