
राजस्व विभाग में किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं-जिम्पा
मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा रिश्वतखोरों के खि़लाफ़ शुरु की गई मुहिम का राजस्व मंत्री द्वारा भरपूर स्वागत
चंडीगढ़, 13 जनवरी: मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पंजाब निवासियों को भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के किए गए वादे के अंतर्गत पिछले 9 महीनों से रिश्वतखोरों के खि़लाफ़ शुरु की गई मुहिम की राजस्व मंत्री ब्रम शंकर जिम्पा ने भरपूर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान द्वारा दृढ़ इरादो के साथ भ्रष्टाचारियों के खि़लाफ़ कार्यवाही की जा रही है और इस मुहिम की कामयाबी के लिए आम लोगों को पंजाब सरकार का खुलकर साथ देना चाहिए।
जिम्पा ने कहा कि सरकार बनते ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने प्रण लिया था कि रिश्वतख़ोरी को पंजाब से ख़त्म करके ही दम लिया जायेगा और इस मकसद की पूर्ति के लिए किसी भी स्तर के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों को यह बात समझ लेनी चाहिए कि किसी भी स्तर का दबाव रिश्वतखोरों को कार्यवाही से बचा नहीं सकता।
राजस्व मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के राज के दौरान कई विभागों की कारगुज़ारी से आम लोग काफ़ी दुखी थे, परन्तु जब से मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की सेवा संभाली है तबसे सार्थक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अपनी ही सरकार के एक मंत्री से लेकर पिछली सरकारों में भ्रष्टाचारी तरीकों के द्वारा पंजाब को लूटने वाले राजनीतिज्ञों और अफसरों का पर्दाफाश करके मान सरकार ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि रिश्वतख़ोरी करने वाले किसी भी मंत्री, अधिकारी या कर्मचारी को बख़्शा नहीं जायेगा।
उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा करना और परेशानी मुक्त सेवाएँ देना अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कर्तव्य है और ड्यूटी भी। इसके बावजूद जो कर्मचारी भ्रष्ट कार्यों में लिप्त हैं वह अभी भी सुधर जाएँ, क्योंकि किसी भी स्तर पर रिश्वतख़ोरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपील की कि लोक सेवा को पहल दी जाये और लोगों के काम बिना सिफ़ारिश एवं रिश्वत के किये जाएँ।
इसके साथ ही जिम्पा ने पंजाब निवासियों से अपील की है कि राजस्व विभाग से सम्बन्धित किसी भी काम को करवाने के लिए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को रिश्वत ना दी जाये और यदि कोई रिश्वत माँगता है तो इसकी रिपोर्ट तुरंत की जाये। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी कीमत पर बख़्शा नहीं जायेगा। मान सरकार रिश्वतख़ोरी के सख़्त खि़लाफ़ है और रिश्वतखोरों के लिए कोई माफी नहीं है।
—————–





















