यूपी योद्धा ने दबंग दिल्ली को 44-28 से रौंदते हुए शीर्ष 3 में जगह बनाई
बेंगलुरु: 15फरवरी 2022,जीएमआर समूह की पीकेएल की फ्रेंचाइजी, यू.पी. योद्धा ने आज दबंग दिल्ली को 44-28 से हराकर पीकेएल रैंकिंग के शीर्ष 3 में प्रवेश किया। इस जीत के साथ योद्धाओं ने न केवल इस सीजन में पहली बार लीग में शीर्ष 3 में प्रवेश करने में कामयाबी हासिल की है, बल्कि अपने प्ले-ऑफ के सपनों को भी काफी हद तक मजबूत कर लिया है । यूपी योद्धा के अब 21 मैचों में कुल 63 अंक हो गए हैं। योद्धाओं के लिए यह आज कुल टीम प्रयास का एक बेहतरीन प्रदर्शन था क्योंकि दोनों रेडिंग एवं डिफेंस विभागों ने एक दूसरे का साथ मज़बूती से निभाया जिसकी वजह से टीम को विजय प्राप्त हुई। एक बार मैच के हीरो बन कर उभरे परदीप नरवाल ने सर्वाधिक 14 रेड अंक अर्जित किये जिन्हें सुरेंद्र गिल (6 अंक) का भरपूर साथ प्राप्त हुआ। योद्धा के डिफेंस विभाग से शुभम कुमार, कप्तान नितेश कुमार, आशु और सुमित ने क्रमशः 4, 3, 2 और 2 टैकल अंक अर्जित किए। कप्तान नितेश कुमार ने इस सीजन में अपने 50 टैकल पॉइंट पूरे किए। यूपी योद्धा का अब अगला सामना 17 फरवरी 2022 को यू मुंबा से होगा और उस मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिज्नी हॉटस्टार पर शाम 7:30 बजे से किया जाएगा।





















