
बनवारीलाल पुरोहित द्वारा लोगों को अम्बेडकर जयंती की बधाई
चंडीगढ़,13 अप्रैलः पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक श्री बनवारीलाल पुरोहित ने आज अम्बेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर पंजाब और चंडीगढ़ के सभी लोगों को बधाई दी।
श्री पुरोहित ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा हमारे लोगों के हितों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भारतीय समस्याओं के भारतीय समाधान की परिकल्पना की। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के संविधान का प्रारूप तैयार करने में उनका योगदान अद्वितीय है। बाबा साहेब का पूरा जीवन सामाजिक न्याय, समानता तथा गरीबों और समाज के शोषित वर्गों के उद्धार संबंधी उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु समर्पित रहा। उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग बंधुत्व, करुणा और समानता की भावना को मजबूत करता है।
पुरोहित ने कहा, ‘‘आइए, इस दिन हम डॉ. अम्बेडकर के जीवन और विचारों से सीखने और उनकी शिक्षाओं का पालन करने का संकल्प लें”।
——-





















