
बडी खबर: पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट का बडा एक्शन
पंचकूला विशेष अदालत के जज को किया निलंबित, पढिये पूरी खबर
चंडीगढ़, 28 अप्रैल (विश्ववार्ता) पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने आज बडा एक्शन लेते हुए भ्रष्टाचार के आरोप मे घिरे पंचकूला स्थित विशेष अदालत के जज सुधीर परमार को निलंबित कर दिया है। पिछले दिनों उनके सरकारी आवास और गुरुग्राम स्थित निजी कोठी पर हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो ने छापे मारे थे। वहीं, परमार की जगह गुरुग्राम के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल करते हुए अपील की थी कि उन्हें माननीयों पर लंबित मामलों का निपटारा करने के लिए बनाई गई विशेष अदालत के जज सुधीर परमार का तबादला करने की अनुमति दी जाए। अर्जी में बताया गया कि पूर्व व मौजूदा विधायक/सांसदों के खिलाफ ट्रायल लंबा न खिंचे, इसके लिए विशेष अदालत स्थापित करने का आदेश दिया गया था।
आदेश के अनुसार माननीयों पर लंबित आपराधिक मामलों को लेकर सुनवाई कर रहे जजों का तय समय से पूर्व तबादला नहीं किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अर्जी में हाईकोर्ट ने बताया कि न्याय अधिकारी सुधीर परमार का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ है और वर्तमान में बनी परिस्थितियों के चलते हाईकोर्ट उनका तबादला करना चाहता है।























