
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज बीजेपी सरकार को 9 साल पूरे
देशभर में सभी राज्यों में एक साथ भाजपा करेगी प्रेस कांफ्रेंस
चंडीगढ़, 29 मई (विश्ववार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार को आज 9 साल पूरे हो चुके हैं. 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इस सफर में मोदी सरकार की क्या उपलब्धियां रही हैं, इसको बताने की जिम्मेदारी अब केंद्रीय मंत्रियों के हाथ में दी गई है। आज देशभर में एक साथ केंद्रीय मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इस दौरान मंत्री प्रदेश की सभी राजधानियों में मौजूद रहेंगे।
जहां-जहां बीजेपी सरकार है उस राज्य के सीएम के साथ केंद्रीय मंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे और जहां पर बीजेपी की सरकार नहीं है वहां पर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के साथ केंद्र सरकार के मंत्री प्रेस को संबोधित करेंगे। इस दौरान 9 साल में मोदी सरकार की तमाम उपलब्धियों पर आधारित प्रेजेंटेशन भी दी जाएगी। इनमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मुंबई, शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी लखनऊ, सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर अहमदाबाद और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।























