
पीजीआई एडवांस सेंटर की तरफ से रॉक गार्डन से सुखना लेक तक निकाली गई जन जागरूकता रैली
चंडीगढ़, 12 मार्च (विश्व वार्ता) ग्लूकोमा जागरूकता सप्ताह के उपलक्ष्य में पीजीआई एडवांस सेंटर की तरफ से आज रॉक गार्डन से सुखना लेक तक जन जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें डॉक्टरों के साथ काफी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान सुखना लेक पर थियेटर आट्र्स चंडीगढ़ के कलाकारों द्वारा एक कदम उजाले की ओर नाटक का मंचन भी किया गया।
ग्लूकोमा अक्सर साइलेंट विशन लॉस का कारण बनता है और दृष्टि के साइलेंट थीफ के रूप में जाना जाता है। ग्लूकोमा को साइलेंट थीफ इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसमें मध्यम से उन्नत अवस्था तक कोई लक्षण नहीं होता है। कम से कम 90 प्रतिशत मामलों में अंधेपन को रोका जा सकता है, यदि रोगियों का शीघ्र निदान किया जाए और उचित उपचार दिया जाए। यहां यह बताना उचित होगा कि लगभग 12 मिलियन भारतीय इस ग्लूकोमा से पीडि़त हैं, जिनमें से 1.2 मिलियन इस बीमारी के कारण अंधेपन का शिकार हो गए। ग्लूकोमा से कोई भी पीडि़त हो सकता है, लेकिन 60 वर्ष से अधिक उम्र के कुछ लोगों, परिवार का चिकित्सीय इतिहास, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मायोपिया जैसी चिकित्सा स्थितियों, कॉर्टिकोस्टेरॉइड की तैयारी विशेष रूप से लंबे समय तक आंखों की बूंदों को लेने वालों को इस बिमारी का अधिक जोखिम होता है। उन्होंने कहा कि आंख में चोट लगने से भी ग्लूकोमा हो सकता है।





















