
पंजाब के लोग बाहरी राज्यों में खरीदारी करते समय जीएसटी अदायगी में कोड-03 लिखवाएं- वित्तमंत्री हरपाल चीमा
कोड-03 से पंजाब की तरक्की में योगदान दें पंजाबीः मलविंदर सिंह कंग
चंडीगढ,1 दिसंबर (विश्ववार्ता) विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के दौरान जीएसटी संशोधन बिल पारित करने से उत्साहित वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग बाहरी राज्यों में खरीदारी करते समय जीएसटी अदायगी में कोड-03 लिखवाएं, जिससे जीएसटी के रूप में काटा गया पैसा पंजाब के जीएसटी खाते में जुड़ेगा और राज्य का राजस्व बढ़ेगा।
इस संबंध में पत्रकारों से बातचीत के दौरान वित्त मंत्री ने कहा कि पंजाब का जीएसटी कोड 03 है। इस कोड के जरिये पंजाब के बाहर भी खरीद-फरोख्त करने पर लागू जीएसटी की राशि पंजाब के खाते में ही आएगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई पंजाबी गोवा में खरीदारी करता है तो बिल बनवाते हुए जीएसटी कटौती के लिए कोड-03 लिखवाए। इससे संबंधित खरीदारी की रकम पर लागू जीएसटी की पूरी रकम पंजाब के जीएसटी खाते में स्वतः ही पहुंच जाएगी। यह पूछे जाने पर कि अगर अन्य राज्य का कोई व्यक्ति पंजाब आकर खरीदारी करे और बिल पर जीएसटी कटौती के लिए अपने राज्य का कोड लिखवाए तो पंजाब सरकार को क्या लाभ होगा? वित्त मंत्री ने कहा कि इस स्थिति में संबंधित राज्य के जीएसटी खाते में वह पैसा चला जाएगा।
पंजाब आप के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विधानसभा सत्र के दौरान जीएसटी संशोधन बिल पारित होने की प्रशंसा की, वहीं पंजाब के लोगों को राज्य की तरक्की में हिस्सेदार बनने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि जीएसटी संशोधन बिल से पंजाब का राजस्व बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोग राज्य से बाहर सामान खरीदने के लिए अगर 03 कोड का इस्तेमाल करेंगे तो उसका टैक्स पंजाब सरकार के खाते में आएगा। अभी तक सरकार के पास कुल 61805 ऐसे मामले आए है। उन्होंने कहा कि इस कदम से पंजाब के छोटे व्यापारियों को काफी सहूलियतें मिलेगी और सरकार का भी टैक्स कलेक्शन बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मान सरकार ऐसे फैसले लेकर लगातार छोटे व्यापारियों को टैक्स देने के लिए प्रोत्साहित कर रही है जिसके कारण पंजाब सरकार के टैक्स कलेक्शन में काफी वृद्धि हो रही है।























