
पंजाब के इस जिले मे एस टी एफ बठिंडा और गैंगस्टरों के बीच हुई बडी मुठभेड
दो गैंगस्टर ढेर और एक जख्मी, एक पुलिसकर्मी भी घायल
चंडीगढ, 10 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब के फिरोजपुर जिले में जीरा-तलवंडी भाई रोड स्थित ट्रक यूनियन व शैलर के नजदीक एसटीएफ (बठिंडा) और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस वारदात में दो गैंगस्टरों की मौत हो गई। वहीं एक गैंगस्टर और एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जीरा के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। गैंगस्टर की नाजुक हालत देख उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों गैंगस्टरों के शवों को कब्जे में लेकर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसटीएफ की गोली से गैंगस्टर गोरा सिंह निवासी कोट इशेखां जिला मोगा और गैंगस्टर संदीप सिंह निवासी मुंडी जमाल जीरा जिला फिरोजपुर की मौत हो गई। वहीं साथी गैंगस्टर अनमोल सिंह निवासी कोट इशेखां जिला मोगा और पुलिस कांस्टेबल राजू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने चेकअप के बाद अनमोल की चिंताजनक हालत देख उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पुलिस को मौके से तीन पिस्तौल और कारतूस भी मिले हैं। आरोपियों की कार से हेरोइन जैसा नशा भी मिलने की बात कही जा रही है। उधर, सिविल अस्पताल के डॉ. हर्ष वर्मा ने बताया कि गोरा और संदीप को मृत अवस्था में लाया गया था। जबकि राजू व अनमोल घायल थे। अनमोल को फरीदकोट रेफर कर दिया गया है। राजू का जीरा अस्पताल में इलाज चल रहा है।





















