
नई दिल्ली/अहमदाबाद/लखनऊ. नागरिकता संशोधन कानून को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में उग्र प्रदर्शन हुए। फिरोजाबाद में प्रदर्शनकारियों ने एक चौकी जला दी। कानपुर और गोरखपुर समेत बाकी शहरों में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। राज्य में 3 हजार से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए हैं। 20 जिलों में मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है। लखनऊ में गुरुवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ था, लेकिन शुक्रवार को यहां शांति रही। वहीं, दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां से भीम आर्मी भी मार्च निकाल रही है, जो जंतर-मंतर तक जाएगा। पुलिस ने भीम आर्मी को मार्च की इजाजत नहीं दी है। पूर्वोत्तर दिल्ली में सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। 6 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं।
इस बीच गुरुवार को हुई हिंसा के बाद गुजरात में 8 हजार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद है। दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है। केरल के 4 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में भी मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
हिंसक प्रदर्शन के बाद शुक्रवार को राज्यों के हालात
शुक्रवार को गाजियाबाद, मेरठ, सुल्तानपुर, गोरखपुर, कानपुर, उन्नाव, बुलंदशहर, हाथरस, हापुड़, अमरोहा, मुजफ्फरनगर, सीतापुर, बिजनौर, मुरादाबाद, फिरोजाबाद, भदोही और बहराइच में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आंसू गैस के गोले दागे।
राज्य में धारा 144 लागू होने के बावजूद गुरुवार को लखनऊ और संभल में नागरिकता कानून के विरोध में हिंसक प्रदर्शन हुए थे। पुलिस ने लखनऊ में 7 केस दर्ज किए और 200 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया। फायरिंग में मारे गए युवक के पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी हुई।
संभल जिले में हिंसा और आगजनी के मामले में सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क समेत 17 पर केस दर्ज हुआ है। प्रदेश में अब तक कुल 3305 लोग हिरासत में लिए गए हैं। लखनऊ समेत 20 जिलों में मोबाइल इंटरनेट ठप है। जुमे की नमाज के चलते प्रशासन ने सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिए हैं।





















