चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व कैबिनेट और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की तलाश में बिहार पुलिस उनके घर के बाहर तीन दिन से डेरा डालकर बैठी हुई है, लेकिन बावजूद इसके अब तक सिद्धू से मिल नहीं पाई है। बताया जाता है कि पुलिस ने कई बार सिद्धू के घर का दरवाजा भी खटखटाया लेकिन कोई भी जवाब नहीं दिया गया है। हालांकि, पुलिस अप्रैल 2019 में लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सिद्धू द्वारा की आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में आई है। बिहार के कटिहार जिले के वरसोई थाने से आए इन पुलिसकर्मियों ने सिद्धू के घर का दरवाजा कई बार खटखटाया लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। सिद्धू घर में मौजूद हैं या नहीं, इसकी भी जानकारी नहीं है।
बताया जाता है कि बुधवार को पुलिस टीम इस मामले में उनको समन देने पहुंची है। पुलिस टीम इससे पहले भी कोर्ट का समन लेकर आ चुकी है, लेकिन उस समय भी सिद्धू नहीं मिले थे। पुलिसकर्मियों का कहना है कि वे पिछले तीन दिन से सिद्धू की कोठी के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिल रहा। बिहार में जिस समय मामला दर्ज हुआ था, उस समय सिद्धू को थाने से जमानत मिल गई थी। अब जमानत की अवधि समाप्त हो रही है। पुलिस के मुताबिक इस अवधि को बढ़ाने के लिए उन्हें जरूरी दस्तावेजों पर साइन चाहिए थे। उन्होंने बताया कि अगर सिद्धू के साइन नहीं मिले तो उनकी जमानत खत्म हो जाएगी। उनका कहना है कि इस बार समन न लेना सिद्धू को भारी पड़ सकता है और गिरफ्तारी वारंट भी जारी हो सकता है।
नवजोत सिंह सिद्धू पर आरोप है कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार के कटिहार में एक रैली के दौरान सांप्रदायिक टिप्पणी की थी। उस समय सिद्धू महागठबंधन की तरफ से कांग्रेस उम्मीदरवार थे। इस रैली के बाद भाजपा के नेताओं ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। आरोप के मुताबिक, सिद्धू ने एक समुदाय को एकजुट होकर मतदान करने की अपील की थी। सिद्धू ने कहा था कि आप यहां 64 फीसदी आबादी हैं। अगर आप पंजाब काम करने आते हैं और आपको कोई भी दिक्कत होती है तो वहां मुझे याद करना मैं पंजाब का मंत्री हूं, वहां भी आपका साथ दूंगा। उन्होंने कहा कि यहां पर जात पात की राजनीति हो रही है, बांटने की राजनीति की जा रही है। भाजपा के लोग यहां आकर आपके वोट को बांटने की कोशिश करेंगे। अगर आप इकट्ठे रहे तो कांग्रेस को कोई नहीं हरा सकता।
























