
हरियाणा में दिल दहला देने वाला मामला आया सामने
दलित बच्चे की निर्मम हत्या, इलाके मे मचा दहशत का माहौल
चंडीगढ, 6 फरवरी (विश्ववार्ता) हरियाणा के गुहला चीका के गांव रिवाड़ जागीर के जंगलों में 13 वर्षीय दलित बच्चे की निर्मम हत्या से क्षेत्र में भय का माहौल पैदा हो गया है। बच्चे के शव को जंगल में मिट्टी व घास से ढक कर छिपाने का प्रयास किया गया था। बच्चे का शव मिलते ही ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने एफएसएल, सीन आफ क्राईम व डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। खुद डीएसपी सुनील कुमार भी मौके पर पहुंचे।
डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि मृतक का नाम सुमित कुमार है। उन्होंने बताया कि मृतक बच्चा दलित समाज से संबंध रखता था। उन्होंने बताया कि अभी तक इसे लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है कि हत्या के पीछे कौन हो सकता है। मृतक के परिजनों ने भी किसी पर शक नहीं जताया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चे के कातिल को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार यह बच्चा 9वीं कक्षा में पढ़ता था। बच्चे की हत्या बड़े ही निर्मम तरीके से की गई है। मासूम की दोनों चप्पल लाश से करीब 20-25 मीटर दूर अलग-अलग जगह बिखरी हुई थी। वहीं जमीन पर रेत में छीनाछपटी के निशान भी इस बात की गवाही दे रहे थे कि बच्चे को तड़पा कर मारा गया होगा। यही नहीं बच्चे की कमर पर घसीटने के निशान भी साफ दिखाई दे रहे थे। बच्चे के माथे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।























