तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा से जुड़ी वह रिपोर्ट आज होगी पेश
चंडीगढ, 7 दिसंबर (विश्ववार्ता) पैसे लेकर सवाल पूछने के आरोपों से घिरीं तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा मामले में आचार संहिता समिति की रिपोर्ट शुक्रवार को लोकसभा में प्रस्तुत की जा सकती है। समिति की रिपोर्ट में मोहुआ के लोकसभा से निष्कासन की सिफारिश की गई है। तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि उन्होंने स्पीकर ओम बिरला से बात की है और उन्होंने कहा है कि आचार संहिता की रिपोर्ट समेत कुछ अन्य रिपोर्ट शुक्रवार को पेश की जाएंगी।
गौरतलब है कि आचार समिति की रिपोर्ट को शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन कार्यसूची में शामिल किया गया था। लेकिन इसे पेश नहीं किया गया। लोकसभा सचिवालय द्वारा शुक्रवार के लिए जारी कामकाज की संशोधित सूची में आचार समिति की रिपोर्ट को एजेंडा आइटम नंबर 7 के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। सूत्रों ने कहा, अब रिपोर्ट शुक्रवार को पेश की जाएगी। उधर, रिपोर्ट पेश होने और विपक्ष के मतविभाजन की मांग के मद्देनजर भाजपा ने व्हिप जारी कर अपने सांसदों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
समिति ने 500 पेज की रिपोर्ट बनाई है। इसमें संसद की गरिमा को बचाने व राष्ट्रीय सुरक्षा को महत्व देने के लिए कई अहम सिफारिश की गई हैं। महुआ पर रिश्वत ले कर अदाणी समूह के खिलाफ कारोबारी हीरानंदानी को लाभ पहुंचाने के लिए सवाल पूछने के आरोप हैं। खुद महुआ ने स्वीकार किया था कि उन्होंने संसद में सवाल पूछने के पोर्टल से जुड़ी अपनी आईडी-पासवर्ड साझा किए थे। हीरानंदानी ने महुआ को रिश्वत देने की बात स्वीकारी थी।