
ठंड के प्रकोप से कांपा पूरा उत्तर भारत
पंजाब समेत इन पांच राज्यो मे मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
चंडीगढ,9 जनवरी (विश्ववार्ता): दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्य ठंड के प्रकोप से कांप गए हैं। शीतलहर ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिल्ली में तो हर दिन ठंड के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। कोहरे के कारण धूप नहीं निकल रही, जिससे सर्दी और सितम ढा रही है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों तक घना से बहुत घना कोहरा बना रहेगा। आईएमडी के वैज्ञानिक डॉ आरके जेनामणि ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति को लेकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और यूपी के लिए रेड अलर्ट और राजस्थान और बिहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 10 जनवरी को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण, दो दिनों के बाद उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।























