
जैन महापर्व संवत्सरी पर राखवीं छुट्टी की पंजाब सरकार ने की घोषणा
जैन समाज में खुशी की लहर
इस पर्व पर छुट्टी करने वाला पंजाब बना दूसरा राज्य
चंडीगढ,9 जनवरी (विश्ववार्ता) पंजाब सरकार ने जैन समाज के महापर्व “संवत्सरी” के अवसर पर राखवीं छुट्टी घोषित कर दी है। संवत्सरी जैन समाज का बहुत ही बड़ा त्योहार है जो कि पूरे विश्व में जैन समाज द्वारा बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता है। जैन धर्म में अष्ट दिवसीय पर्यूषण की साधना संपन्न होती है और इसी का अंतिम दिवस “संवत्सरी पर्व” के नाम से जाना जाता है, इस दिन जैन धर्मावलंबी तपस्या, अहिंसा, क्षमा और मैत्री की आराधना के साथ इस दिवस को मनाते है। पंजाब अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य डॉ. सलिल जैन कई वर्षों से इस छुट्टी की मांग कर रहे थे। पंजाब अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन डॉ. इमानुएल नाहर की अध्यक्षता में हुई आयोग की मीटिंग में इस छुट्टी के लिए मता पास करके पंजाब सरकार को पत्र भेजा गया था जो कि पंजाब सरकार ने मंजूर करते हुए इस पर्व पर राखवीं छुट्टी घोषित कर दी है और इस घोषणा के साथ यह छुट्टी करने वाला गुजरात के बाद, पंजाब दूसरा राज्य बन गया है। जिस पर आयोग के सदस्य डॉ. सलिल जैन पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान जी और अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन प्रो. इमैनुएल नाहर जी का सकल जैन समाज की तरफ से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद किया। पंजाब सरकार के इस कार्य के लिए जैन समाज में खुशी की लहर है।
























