जैतो में दीप सिद्दू के खिलाफ मामला दर्ज

जैतो,24 मई( रघुनंदन पराशर) किसान जत्थेबंदियों द्वारा कृषि कानूनों के खिलाफ शुरू किए गए संघर्ष में चर्चित रहे व लालकिले पर झंडा फहराया वाले मुख्य कथित आरोपी व पंजाबी एक्टर दीप सिद्दू के खिलाफ जैतो पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार दीप सिद्दू श्री गुरुद्वारा जैतआना साहिब जैतो व उप-मंडल जैतो के गांव मत्ता में पहुंचे और उन्होंने थोड़ी देर भाषण देकर किसान आन्दोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आग्रह किया।इस दौरान लोगों ने जब उसने सवाल किए तो वह सही ढंग से ज़वाब नहीं दे सके और वहां से चले गए।
इस दौरान ही डी.एस.पी. जैतो परमिंदर सिंह ग्रेवाल पी.पी.एस. ने बताया कि दीप सिद्दू अपने 15-25 साथियों के साथ 2-3 गाड़ियों में जैतो के गांव मत्ता व श्री गुरुद्वारा जैतआना साहिब आए थे और उन्होंने कोऱोना नियमों का उल्लघंन किया है जिस कारण दीप सिद्दू के खिलाफ पुलिस स्टेशन जैतो में एफ.आई.आर.नं.78 धारा 188 व 269 आई.पी.सी. के तहत मामला दर्ज किया गया है।

डी.एस.पी. परमिंदर सिंह ग्रेवाल ने कहा कि फिलहाल दीप सिद्दू के खिलाफ ही मामला दर्ज किया गया है और उनके साथ जो 3-4 गाडियां साथ थी उसके नंबर नोट कर लिया गए हैं । दीप सिद्दू को गिरफ्तार करने के उपरांत ही पता चलेगा कि उनके साथ कौन- कौन व्यक्ति साथ थे। उन्होंने कहा कि दीप सिद्दू पर मामला दर्ज हुआ है उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
इस दौरान ही एक वरिष्ठ वकील सुरेश कुमार शर्मा ने बताया कि आई.पी.सी.की धारा 269 भारतीय दंड संहिता के 14वें अध्याम के अंतर्गत आती है। इस धारा के तहत अपराधी को 6 महीने की जेल या जुर्माना या फिर दोनों की सजा हो सकती है। वहीं, धारा 188 के तहत 1 महीने की जेल या फिर जुर्माना या फिर दोनों की सजा मिल सकती है।





















