
दिल्ली 4 दिसंबर (विश्ववार्ता): भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला कैनबरा के मनुका ओवल मैदान पर खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 161 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 162 रनों का टारगेट दिया.
टीम इंडिया के लिए केएल राहुल ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए जबकि रवींद्र जडेजा ने 44 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया के लिए मोइजेस हेनरिक्स ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. मिशेल स्टार्क को 2 विकेट, एडम जाम्पा और मिशेल स्वेप्सन को 1-1 विकेट मिले. केएल राहुल और शिखर धवन की जोड़ी टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं दे पाई. तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने गब्बर को क्लीन बोल्ड कर भारत को पहला झटका दिया. धवन 1 रन बनाकर आउट हुए.






















