
नई दिल्ली, नागरिक संशोधन कानून के विरोध में दिल्ली के जामियानगर, शाहीन बाग, जामा मस्जिद में प्रदर्शन जारी है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने 6 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं। जाफराबाद, मौजपुर, बदरपुर, चावड़ी बाजार, लाल क़िला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री बैन है। इन स्टेशनों पर ट्रेनें नहीं रुक रही हैं। दिल्ली पुलिस पीआरओ एमएस रंधावा के मुताबि, सिटी जामा मस्जिद में धारा 144 लागू नहीं है। यहां लोग पुलिस का सहयोग कर रहे हैं और शांति चाहते हैं। दिल्ली पुलिस भी शांति के लिए काम कर रही है। इस बीच दिल्ली में जामा मस्जिद के पास स्थानीय लोगों ने दिल्ली पुलिस पीआरओ, एमएस रंधावा और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को गुलाब भेंट किए हैं।
वहीं, दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जामा मस्जिद में विरोध प्रदर्शन जारी है। भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर भी वहां मौजूद हैं। दिल्ली पुलिस हालात पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। चंद्रशेखर को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक एक विरोध मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं, दिल्ली पुलिस सीलमपुर इलाके में पुलिस के जवान मार्च कर रहे हैं। यहां पर सुबह से शांंति का माहौल है। सुबह से ही पारामैलिट्री फोर्स की 10 कंपनियां तैनात हैं और 1500 जवान भी तैनात किए गए हैं। ड्रोन के जरिये पूरे इलाके में नजर रखी जा रही है।





















