पहले दिन का खेल समाप्त होने पर भारत के 191 रन के जवाब में इंग्लैंड ने तीन विकेट 53 रन पर गंवा दिए थे। बुमराह ने दोनों सलामी बल्लेबाजों रोरी बर्न्स (5) और हसीब हमीद (0) को पवेलियन भेजा जब स्कोर बोर्ड पर छह ही रन टंगे थे। बुमराह ने छह ओवर में दो विकेट चटकाए। उमेश यादव ने दूसरे स्पैल में शानदार आफ कटर पर फॉर्म में चल रहे जो रूट (21) को आउट किया।
इससे पहले भारत ने सात विकेट 127 रन पर गंवा दिए थे लेकिन अपना चौथा टेस्ट खेल रहे गेंदबाजी ऑलराउंडर ठाकुर ने 36 गेंद में 57 रन बनाकर टीम को 200 के करीब पहुंचाया। उन्होंने उमेश के साथ आठवें विकेट के लिए 63 रन जोड़े।भारतीय पारी क्रिस वोक्स (4/55) और ओली रॉबिंसन (3/38) की गेंदबाजी के आगे 61.3 ओवर में खत्म हो गई और एक बार फिर नामी गिरामी बल्लेबाजों ने निराश किया।ठाकुर के अलावा कप्तान विराट कोहली ने अर्द्धशतक जमाया लेकिन इन दोनों को छोड़कर कोई और बल्लेबाज 20 रन के पार नहीं पहुंच सका। कोहली ने कुछ अच्छे कवर ड्राइव लगाए लेकिन रॉबिनसन की गेंद पर विकेट के पीछे जॉनी बेयरस्टो को आसान कैच दे बैठे।





















