किंग चार्ल्स तृतीय का आज होगा राज्याभिषेक
राज्याभिषेक में भारत का प्रतिनिधित्व देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे
चंडीगढ़, 6 मई (विश्ववार्ता): ब्रिटेन में किंग चार्ल्स का शनिवार को राज्याभिषेक होगा। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद ही चार्ल्स को सम्राट का दर्जा मिल गया था, लेकिन अब उन्हें वास्तव में ताज पहनाने की शाही परंपरा अपनाई जाएगी। महारानी एलिजाबेथ का राज्याभिषेक 2 जून 1953 को हुआ था। करीब सौ देशों के राष्ट्राध्यक्ष और राजपरिवार इस दौरान एक हजार साल पुरानी पंरपरा के साक्षी बनेंगे ।
इस राज्याभिषेक में भारत का प्रतिनिधित्व देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। वहां वे भारत सरकार की ओर से किंग चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक समारोह में हिस्सा लेंगे। भारतीय मूल ब्रिटिश सांसद व प्रसिद्ध कारोबारी लॉर्ड करन बिलिमोरिया ने बताया कि, राज्याभिषेक के बाद किंग चार्ल्स तृतीय भारत आ सकते हैं।
पिछले साल 8 सितंबर को क्वीन एलिजाबेथ का निधन हो गया था। तब वो 96 साल की थीं। उनकी मौत के बाद चार्ल्स को ब्रिटेन का महाराज घोषित किया गया था। हालांकि उनकी ताजपोशी अब होगी।