दिल्ली,27 अक्तूबर (विश्ववार्ता) ऑस्ट्रेलिया के आगामी दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की चयन समिति ने सोमवार को वीडियो-कॉन्फ्रेंस के जरिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली विराट कोहली की अगुवाई में टी20 इंटरनेशनल, वनडे और टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा की. भारतीय टीम को इस दौरे पर 3 मैचों की टी20 इंटरनेशनल और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज के अलावा 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. दौरे के कार्यक्रम को हालांकि अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है.
भारत के सीमित ओवर के उप कप्तान और अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा मांसपेशियों में खिंचाव के कारण सोमवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए चुनी गई तीनों प्रारूप के टीम से बाहर हो गए.
रोहित को आईपीएल के दौरान लगी चोट
चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाकी बचे मैचों में भी रोहित नहीं खेल सकेंगे. रोहित की गैरमौजूदगी में केएल राहुल उप कप्तान की भूमिका में होंगे. रोहित को यह चोट यूएई में आईपीएल के दौरान लगी. बीसीसीआई चिकित्सा दल चोटिल तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा और रोहित की निगरानी कर रहा है.























