
उत्तर भारत समेत पंजाब व हरियाणा मे शीतलहर ने किया आम जन जीवन ठप्प
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
चंडीगढ, 15 जनवरी (विश्ववार्ता) समूचा उत्तर भारत इस समय शीतलहर की चपेट मे है जिससे आम जन जीवन पूरी तरह से ठप्प हो गया है। बात करे अगर पंजाब, हरियाणा, प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर समेत बिहार व उत्तरी मध्य प्रदेश में 16 से 20 जनवरी तक शीतलहर का प्रकोप रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिन तक रात और सुबह कहीं घना, तो कहीं बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के असर से यह बदलाव होने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में अगले हफ्ते भी भारी बर्फबारी व बारिश की संभावना है। बर्फबारी, शीतलहर व कोहरे के चलते उत्तर भारत में दिन में भी ठंड रहेगी।उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही बर्फीली हवाओं से दिल्ली में एक बार फिर से ठिठुरन बढ़ गई है। आने वाले दिनों में शीतलहर चलने से न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।























