आप किस बात के लिए क्रेडिट लेना चाहती है, मोगा बेअदबी की सजा पर वड़िंग ने पार्टी से किया सवाल
चंडीगढ़, 8 जुलाई (विश्व वार्ता): आम आदमी पार्टी द्वारा मोगा में बेअदबी के तीन आरोपियों को सजा मिलने पर क्रेडिट लिए जाने पर चुटकी लेते हुए, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूछा है कि पार्टी किस बात के लिए क्रेडिट लेना चाहती है, जबकि सब कुछ कांग्रेस के शासनकाल के दौरान हुआ था।
उन्होंने कहा कि जिला मोगा के गांव मलक में 4 नवंबर, 2015 को बेअदबी हुई थी और उस दिन एफ.आई.आर दर्ज की गई, लेकिन कांग्रेस की सरकार बनने तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। कांग्रेस के शासनकाल में ही अक्टूबर 2018 में गिरफ्तारियां हुई।
वड़िंग ने कहा कि केस की सारी प्रक्रिया, जो सजा का कारण बनी कांग्रेस के शासनकाल में ही पूरी हुई। उन्होंने कहा कि 2019 में ही आरोप तय हो गए थे और उसके बाद ट्रायल चला व आज अदालत ने तीनों आरोपियों को सजा सुनाई और उन्हें 3 साल की कैद मिली। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस सरकार की कड़ी मेहनत ही थी, जिसके चलते आरोपियों को सजा मिली है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आप सांसद राघव चड्ढा की ओर से दावा किये जाने कि उनकी सरकार ने न्याय सुनिश्चित किया, पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि इससे पता है कि वह (चड्डा) मामले की अज्ञानता के चलते ऐसा बोल रहे हैं। उन्होंने चड्डा से कहा कि आपकी सरकार को बने 4 महीने से अधिक का समय नहीं हुआ और आप उस काम का क्रेडिट लेने का प्रयास कर रहे हैं, जो 3 साल पहले हुआ। उन्होंने कहा कि आज सिर्फ केस का फैसला सुनाया गया है।
वड़िंग ने चड्ढा को यह स्पष्ट करने के लिए कहा है कि क्यों उनकी सरकार ने एसआईटी की रिपोर्ट में बादलों को क्लीन चिट दी, जिसे कुछ दिन पहले सार्वजनिक किया गया है। उन्होंने आप नेतृत्व को सलाह दी कि वे कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए काम पर क्रेडिट लेने की बजाए, बादलों को क्लीन चिट देते हुए पंजाब के लोगों की उम्मीदों पर असफल रहने के लिए उनसे माफी मांगे।






















