आज से भीषण गर्मी से मिलेगी निजात, उत्तर पश्चिम भारत मे बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने लगाया बारिश का पूर्वानुमान
चंडीगढ़ 18 अप्रैल (विश्व वार्ता) उत्तर पश्चिम भारत में आज शाम से मौसम का मिजाज फिर से बदल सकता है। मौसम विभाग ने आज से आने वाले तीन दिनों के लिए तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर आदि राज्यो मे बारिश का अनुमान लगाया गया है। भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी और तापमान तीन डिग्री तक गिरने के आसार है।
बीते एक सप्ताह से सूरज आग बरसा रहा है। इस कारण से तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। सोमवार को 40.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले शनिवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
मौसम विभाग के अनुसार आज से लेकर गुरुवार तक हल्की बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस कारण से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट होगी। 23 अप्रैल तक तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंच जाएगा। वहीं, सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 15 अप्रैल को तापमान 40.5 व 16 अप्रैल को 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।