असम में पंजाब का सेना जवान शहीद, परिवार मे मचा हाहाकार
कैबिनेट मंत्री जौडामाजरा ने जवान के शहीद होने पर किया नमन
चंडीगढ़, 28 मई (विश्ववार्ता) पंजाब के हलका समाना के गांव रंधावा आज उस समय हाहाकार मच गया जब सेना में तैनात पंजाब के फौजी सहजपाल सिंह देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए हैं। शहीद जवान की उम्र महज 25 साल थी और वह 2015 में भारतीय सेना में शामिल हुआ था। उसका 21 वर्षीय छोटा भाई अमृतपाल सिंह भी भारतीय सेना में है और लेह-लद्दाख में ड्यूटी पर तैनात है। सहजपाल सिंह के शहीद होने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में मातम का माहौल है। इलाके के विधायक और पंजाब के कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा परिवार के साथ दुख साझा करने पहुंचे।
जौड़ामाजरा ने कहा कि समाना का यह शहीद देश की रक्षा करते हुए शहीद हुआ है। आज पूरा पंजाब और भारत शहीद जवान को नमन करता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी शहीद को नमन किया है। जानकारी के अनुसार फौजी सहजपाल का पार्थिव शरीर रविवार को रंधावा गांव पहुंचेगा जिसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।