विरोध के चलते उत्तर प्रदेश के मेरठ, बुलंदशहर, कासगंज, बागपथ, सहारनपुर और बरेली में धारा 144 लागू
दिल्ली में सोमवार को ओखला, जामिया, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और मदनपुर खादर इलाके के सभी स्कूल बंद रहेंगे
नई दिल्ली. नागरिकता कानून के विरोध में दिल्ली की जामिया यूनिवर्सिटी में उग्र प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शनकारियों ने 4 बसों समेत 8 वाहन फूंक दिए। एएमयू और जामिया प्रशासन ने 5 जनवरी तक छुट्टी घोषित कर दी है। रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद ने बताया कि छात्रों से रविवार देर रात हॉस्टल खाली कराए गए। उन्हें बस और ट्रेन से घर भेजने के इंतजाम किए गए। इसके अलावा अलीगढ़, बनारस और बंगाल की जाधवपुर यूनिवर्सिटी में भी छात्रों ने प्रदर्शन किया। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के छात्रों की पत्थरबाजी के बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें 60 से ज्यादा छात्र जख्मी हुए। आज अलीगढ़ शहर में रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। जबकि सहारनपुर में अगले आदेश तक मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 6 जिलों मेरठ, बुलंदशहर, कासगंज, बागपथ, सहारनपुर और बरेली में एहतियातन धारा 144 लागू की गई है।