
अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर केजरीवाल ने कहा – आप सरकार पंजाब के अमन-चैन और सुरक्षा के लिए वचनबद्ध
-कहा, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मिशन को पूरी परिपक्वता और साहस के साथ पूरा किया
-केजरीवाल ने पंजाब पुलिस की भी तारीफ की, कहा – पुलिस ने बिना किसी रक्तपात और गोली चलाये कामयाबी हासिल की
चंडीगढ़, 23 अप्रैल (विश्ववार्ता) ‘वारिश पंजाब दे’ के मुखिया अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तारीफ की और कहा कि आप सरकार पंजाब के अमन चैन और सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। इसके लिए जो भी कठोर निर्णय लेने पड़ेंगे, हमारी सरकार लेने को तैयार हैं।
अपने एक ट्वीट में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपना फर्ज बखूबी निभाया है। मुख्यमंत्री मान ने इस मिशन को बेहद परिपक्वता और साहस के साथ पूरा किया।
केजरीवाल ने पंजाब पुलिस की भी सराहना की और कहा कि पंजाब पुलिस के जवान बेहद साहसी और बहादुर है। राज्य पुलिस ने बिना किसी रक्तपात और गोली चलाये इतनी बड़ी कामयाबी हासिल की।
पूरी कार्रवाई के दौरान शांति बनाये रखने और पंजाब सरकार का साथ देने के लिए केजरीवाल ने पंजाब की जनता का भी शुक्रिया अदा किया और कहा कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा करना और पंजाब में शांति व भाईचारा स्थापित करना हमारी प्राथमिकता है। किसी को भी पंजाब की शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।





















