
अडानी मुद्दे पर संसद में फिर हंगामे के आसार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता मे आज सभी विपक्षी दलों की बैठक
आज देशभर मे अडानी मुद्दे पर देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन, पढिये क्या है विपक्ष की मांग ?
चंडीगढ, 6 फरवरी (विश्ववार्ता) अडानी मामले पर आज भी विपक्ष संसद में जमकर हंगामा करने के मूड में है. इसे लेकर कांग्रेस पार्टी आज प्रदर्शन भी करने वाली है. देशभर के सभी जिलों में एलआईसी और एसबीआई दफ्तर के सामने कांग्रेस के तमाम नेता केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करेंगे. इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज सुबह 9.30 बजे सभी विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी आज सभी जिलों में जीवन बीमा निगम कार्यालयों और भारतीय स्टेट बैंक की शाखाओं के सामने देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन करेगी। विपक्ष आज फिर से अरबपति गौतम अडानी की कंपनियों की जांच की मांग कर सकता है। विपक्षी दलों की फ्लोर मीटिंग में तमाम विपक्षी दल सरकार को घेरने की रणनीति बनाएंगे। इसके बाद विपक्षी सांसद गांधी प्रतिमा के सामने धरना देंगे. विपक्षी दलों की मांग है कि अडानी मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति या फिर सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए।























