
रेप और हत्या मामले मे जेल मे बंद डेरा प्रमुख राम रहीम आज फिर आ सकते है जेल से बाहर
इतने दिनों की फरलो हुई मंजूर
चंडीगढ़, 21 नवंबर (विश्ववार्ता) रेप और हत्या के केस में हरियाणा की रोहतक जेल में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम आज जेल से बाहर आ सकता है। जेल में सजा काट रहे डेरा प्रमुख की 21 दिन की फरलो मंजूर हो गई है। मंगलवार सुबह उसके जेल से बाहर निकलने की संभावना है। रोहतक रेंज आयुक्त कार्यालय से सोमवार को फरलो मंजूरी के आदेश हुए हैं। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावाल आश्रम में फरलो की अवधि में रहना होगा। जेल प्रशासन को मुख्यालय से आदेशों का इंतजार है। इसके चलते पुलिस व खुफिया विभाग ने जेल परिसर के नजदीक सुबह चार बजे से डेरा डाला हुआ है।
गुरमीत राम रहीम को साध्वी दुष्कर्म मामले में वर्ष 2017 में सजा सुनाई गई थी। बाद में उसे छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भी सजा हो चुकी है। चार दिन पहले राम रहीम ने फरलो के लिए अर्जी दाखिल की थी, जिसे मंजूर कर लिया गया है। उसे डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम यूपी के बागपत जिले के बरनावा आश्रम छोडक़र आएगी। जेल में रामरहीम को कैदी नंबर 8647 दिया गया है। वह 12वीं बार जेल से बाहर आएगा। उसे आठवीं बार पैरोल या फरलो मिली है।
कब-कब आया जेल से बाहर
- 24 अक्टूबर 2020- 24 घंटे की सीक्रेट पैरोल
- 21 जून 2021 – 48 घंटे की कस्टडी
- 07 फरवरी 22 – 21 दिन की पैरोल
- जून 2022 – 30 दिन की पैरोल
- अक्टूबर 2022 – 40 दिन की पैरोल
- जनवरी 2023 – 40 दिन की पैरोल
- जुलाई 2023 – 30 दिन की पैरोल























