
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जन संवाद कार्यक्रम में आमजन की सुनवाई के दौरान दिए निर्देश
जन संवाद कार्यक्रम में 600 से ज्यादा शिकायतें पहुंची, मौके पर ही किया समाधान
वरिष्ठ नागरिक की शिकायत पर सीएमओ को दी नसीहत, कहा डॉक्टर होने के नाते आपके अंदर सेवा का भाव और ज्यादा हो
मिर्जापुर गांव निवासी की शिकायत पर बिजली निगम द्वारा लगाए गए 32 हजार रुपये के जुर्माने को मुख्यमंत्री राहत कोष से देने के निर्देश, कनेक्शन तुरंत शुरू होगा
चंडीगढ़, 16 अक्टूबर- मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को फरीदाबाद में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में एक्शन मोड में दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम में शिकायत देने वाले सोतई गांव निवासियों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने वाले खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर सतनारायण को तुरंत प्रभाव से निलंबित करने के आदेश भी दिए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि कोई भी अधिकारी अगर समय पर काम नहीं करता अथवा कामचोरी करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी संवेदनशील होकर काम करे और आमजन को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराएं।
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर मनोहर लाल ने बताया कि जन संवाद कार्यक्रम में 600 से ज्यादा शिकायतें पहुंची हैं। इनमें से 158 नगर निगम की, 89 पुलिस की शिकायतें हैं। उन्होंने कहा कि यह शिकायतें संबंधित विभागों को भेजकर समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया गया है और बाकी का मुख्यालय स्तर पर अध्ययन कर समाधान किया जाएगा।
एडेल डिवाईन सोसायटी सेक्टर-76 के अभिषेक की समस्या का निदान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां 100 से ज्यादा परिवार रहते हैं। ऐसे में निवासियों को कामर्शियल रेट की बजाए घरेलू रेट पर ही बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान एक दिव्यांगजन की शिकायत पर सीएमओ को नसीहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आप डाक्टर हैं और आपको ज्यादा सेवाभाव से काम करने की जरूरत है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम में जनगणना में गड़बड़ी के मामले में कहा कि जनगणना में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं की गई है। इसलिए सरकार द्वारा परिवार पहचान पत्र बनाया जा रहा है ताकि प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी सरकार के पास हो। जिला के एक गांव की पंचायत का रिकार्ड सरपंच द्वारा गायब किए जाने के मामले में पुलिस को आदेश दिया कि इस मामले की जांच कर तुरंत कार्रवाई करें और एफआईआर भी दर्ज करें। इसके साथ ही प्याला गांव निवासी सुमन भाटिया को बिजली की हाईटेंशन लाईन के नीचे बने मकान की उपरी मंजिल हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बिजली की लाईनें राष्ट्रीय महत्व की होती हैं।
जनसंवाद कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने अधिकारियों के साथ ग्रीन फील्ड कॉलोनी का दौरा किया और कॉलोनी में सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए कॉलोनी वासियों ने दशकों से चली आ रही समस्या के त्वरित निदान के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया
इस अवसर पर केंद्रीय उर्जा एवं भारी उद्योग राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, विधायक नरेंद्र गुप्ता, विधायक नयनपाल रावत, विधायक राजेश नागर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव व महानिदेशक सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग डा. अमित अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद थे।





















