
AAP विधायकों ने सुनीता केजरीवाल से की मुलाकात
सुनीता केजरीवाल से कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोग मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं
चंडीगढ़, 3 अप्रैल (विश्ववार्ता)-: आप विधायकों ने अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से मुलाकात की और कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को पद नहीं छोडऩा चाहिए और जेल से सरकार चलाना जारी रखना चाहिए। केजरीवाल अपनी सरकार की अब समाप्त हो चुकी उत्पाद शुल्क नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पिछले महीने गिरफ्तारी के बाद 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि बैठक के दौरान आप विधायकों ने सुनीता केजरीवाल से कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोग मुख्यमंत्री के साथ खड़े हैं और उन्हें किसी भी कीमत पर इस्तीफा नहीं देना चाहिए। अरविंद केजरीवाल को जेल से ही सरकार चलानी चाहिए। आम आदमी पार्टी के मुताबिक, 62 विधायकों में से 55 बैठक के दौरान मौजूद थे जबकि सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया- केजरीवाल जेल में हैं। इनके अलावा चार विधायक दिल्ली से बाहर हैं।
सौरभ भारद्धाज ने कहा कि मुलाकात के दौरान करीब दो दर्जन विधायकों ने सुनिता जी से कहा कि भाजपा बहुत दवाब बनाएगी कि मुख्यमंत्री इस्तीफा दे दे, जैसे लोकपाल के समय पर किया गया था। उन्होंने इस्तीफा दिया तो बोले भाग गए। विधायकों ने कहा कि अब हम लोगों का संदेश सुनिता जी ही उन तक पहुंचाएंगी इसलिए हम सभी ये चाहते हैं कि वो इस्तीफा न दें, जेल से ही सरकार चलाएं। उन तक (अरविंद केजरीवाल) ये संदेश पहुंचाए की वो मुख्यमंत्री थे, हैं और आगे भी रहेंगे। वहीं, भाजपा ने मांग की है कि कथित शराब नीति घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
इससे पहले सुनीता केजरीवाल ने 31 मार्च को आईएनडीआईए की रैली में पहली बार सार्वजनिक मंच से भाषण दिया था। सुनीता केजरीवाल के साथ बैठक के बाद आप विधायकों ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ना चाहिए। उन्हें जेल से सरकार चलानी चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अदालत ने 15 अप्रैल तक कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है























