रेफरेंडम 2020 के लिए एक भी पंजाबी ने नहीं करवाया वोटर रजिस्ट्रेशन: जोशी
चंडीगढ़, 4 जुलाई (विश्ववार्ता): पंजाब की जनता ने सिख फार जस्टिस के रेफरेंडम 2020 अभियान हेतु वोटर रजिस्ट्रेशन के आह्वान को आज सिरे से नकार दिया है। यह कहना है कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के सीनियर नेता विनीत जोशी का।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित सिख फार जस्टिस द्वारा भारत से पंजाब को आजाद करवाए जाने के लिए पिछले कुछ सालों से वर्ष 2020 में रेफरेंडम करवाने का अभियान चलाया जा रहा है। जिस हेतु आज 4 जुलाई को पंजाब में वोटर रजिस्ट्रेशन का जो अभियान शुरू किया गया वह पूर्णत: फेल हो गया।
जोशी ने गुरपतवंत सिंह पन्नू को चुनौती देते हुए कहा कि वह पंजाब के किसी एक पंजाबी का नाम बता दें, जिसने रेफरेंडम 2020 हेतू वोटर रजिस्ट्रेशन करवाई हो।
जोशी ने कहा कि गुरपतवंत सिंह पन्नू और उसकी सिख फार जस्टिस उसी पाकिस्तान की पैदाईश है, जो कि अपने यहां भारतीय सुरक्षा एजैंसियों द्वारा वांछित उग्रवादी, क्रिमनल, समगलर आदि को न सिर्फ पनाह दिए हुए हैं, बल्कि उनके माध्यम से भारत के टुकड़े करने के अपने सपने को पूरा करने का प्रयास करता रहता है।
जोशी ने आखिर में कहा कि पंजाबियों की आपसी प्यार, भाईचारक सांझ ना सिर्फ पक्की है, बल्कि समय-समय पर पंजाबियों ने इसे प्रमाणित किया है और आने वाले समय में पंजाब की धरती पर अमन शांति बिगाडऩे के हर प्रयास को पंजाबी नाकाम कर देंगे।