फिरोजपुर 13 मई (पराशर)-उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने 22 मार्च से 12 मई के बीच लगभग 18 लाख टन गेहूं, चावल,आलू एवं अन्य उपयोगी सामग्रियों को 762 मालगाड़ियों में लदान करके फ़ूड कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया के द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाया हैं | भारतीय रेलवे आम जनता के लिए खाद पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है |
मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रव्यापी लॉक डाउन के कारण उत्पन्न विषम परिस्थिति में लदान की आवश्यकता बढ़ गई है | श्रमिकों एवं ट्रकों की कमी के बावजूद फ्रेट टर्मिनलो पर माल की लोडिंग/अनलोडिंग हेतु मंडल की टीम दिन-रात कड़ी मेहनत कर रही है | बढ़ती हुई आवश्यकता एवं मांग के कारण एक मालगाड़ी में दो रैक अर्थात 42 वैगनो की जगह 84 वैगनो में माल की ढुलाई की जा रही है | इस विधि में कम लागत लगती है साथ-साथ समय और श्रम शक्ति की भी बचत होती है |
श्री अग्रवाल ने बताया कि लोडिंग/ अनलोडिंग दौरान मजदूरों फेस मास्क, सैनिटाइजर, दस्ताने आदि सामान उपलब्ध कराए जाते हैं | इस दौरान मजदूरों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाया जाता हैं | लोडिंग से पूर्व वैगनो को सैनिटाइज किया जाता है | उन्होंने स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, गार्ड, पार्सल तथा गुड्स पर्यवेक्षकों इत्यादि कर्मचारियों को धन्यवाद दिया जो आवश्यक वस्तुओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु 24 घंटे काम कर रहे हैं |





















