
नई दिल्ली।. 23 अप्रैल (विश्ववार्ता): पूरी दुनिया मे लगातार बढते कोरोना संक्रमितों की संख्या से जहां पूरी दुनिया मे दहशत का माहौल बना हुआ है वही भारत भी इससे अछूता नही है लगातार बढती देश मे मरीजो की संख्या को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल को एक बार फिर सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात करेंगे। इस मीटिंग में सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने पिछली बार 11 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ राय-मशविरा किया था और फिर लॉकडाउन की समयसीमा बढ़ाने पर सहमति बन गई।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अगली मीटिंग का मुख्य मुद्दा लॉकडाउन खत्म करना या अवधि बढ़ाने का ही होगा?
मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के कुलाधिपति फिरोज बख्त अहमद ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस आशंका से अवगत कराया है और उनसे लॉकडाउन की समयसीमा फिर से बढ़ाने की मांग की है।
तेलंगाना बढ़ा चुका है लॉकडाउन
अहमद ने पीएम से आग्रह किया कि लॉकडाउन को रमजान के पवित्र महीने के खत्म होने तक बढ़ा देना चाहिए। उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि अगर लॉकडाउन तीन मई के बाद खोला जाता है तो ऐसे में बहुत सारे लोग खरीदारी करने और इबादत के लिए जमा हो सकते हैं। वैसे भी तेलंगाना जैसे राज्य ने पहले ही लॉकडाउन को 7 मई तक बढ़ाने की घोषणा कर रखी है।





















