– हुड्डा की समझदानी हुयी ख़राब, इलाज की नहीं कोई तकनीक
चंडीगढ, 25 दिसंबर ( विश्ववार्ता, गुरप्रीत) देशभर में नागरिक संशोधन बिल लागू होने के बाद विपक्षी पार्टियों द्वारा इसके विरोध को लेकर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को एक बार फिर से आड़े हाथों लेते हुए जनता को इनसे सावधान रहने की चेतावनी दी है. अनिल विज ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को चलता-फिरता पेट्रोल बम करार दिया है। विज ने कहा कि ये जहां भी जाते हैं वहां आग लगाने का और नुकसान करने का काम करते हैं। ऐसे में जनता को इनसे सावधान रहने की सख्त जरूरत है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस को महात्मा गांधी की देन बताया और कहा कि कांग्रेस हिंसा के पक्ष में नहीं है। हुड्डा ने ये भी कहा था कि केंद्र को CAA पर देश की जनता के सवालों के जवाब देने चाहिए। हुड्डा के इन्हीं बयानों को लेकर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने हुड्डा को भी आड़े हाथों लिया है। विज ने कहा कि इनकी समझ में कुछ नहीं आता क्योंकि सरकार लोकसभा और राज्यसभा हर जगह जवाब दे चुकी है। विज ने हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि अगर इनकी समझदानी खराब हो गई है तो उसके इलाज की कोई तकनीक नहीं है।
प्रदेश में कानून व्यवस्था सुधारने की कवायद में जुटे गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस थानों में पेंडिंग पड़ी शिकायतों पर कड़ा संज्ञान लिया है। विज ने जिन-जिलों में 1000 से ज्यादा शिकायतें पेंडिंग हैं ऐसे 12 जिलों के पुलिस कप्तानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विज ने कहा कि वो प्रदेश की जनता को बेहतर कानून व्यवस्था देना चाहते हैं।