
चंडीगढ़, 19 दिसंबर(गुररप्रीत, विश्ववार्ता): नागरिक संशोधन बिल पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान द्वारा परमाणु हमले की धमकी देने पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने नसीहत देते हुए कहा कि जिस देश में मानवाधिकारों का उल्लंघन होता हो, अल्पसंख्यकों को तंग किया जाता हो और उन्हें हिंदुस्तान की शरण लेनी पड़ती हो उस पाकिस्तान को भारत के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। अनिल विज ने कहा कि इमरान हिंदुस्तान की बजाए अपने देश के बारे में सोचें। विज ने कहा कि जब-जब हिंदुस्तान के मुस्लमान पाकिस्तान गए उन्हें कभी पाकिस्तान ने आदर मान सम्मान नहीं दिया।
हेमंत सोरेन के भाजपा नेता व यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए बयान की गृहमंत्री अनिल विज ने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बेहद बदतमीज किस्म के लोग राजनीति में आ चुके हैं और जनता इन लोगों को कई बार सबक सिखा चुकी है और इस बार भी इस तरह के लोगों को जनता द्वारा सबक सिखाया जाएगा। हेमंत सोरेन ने झारखंड में जनसभा के दौरान कहा था कि कुछ भगवाधारी झारखंड का दौरा कर रहे हैं यह लोग शादी कम करते हैं और गेरुआ पहनकर बहू बेटियों की इज्जत लूटने का काम करते हैं। झारखंड की चुनावी रैलियों में प्रियंका गांधी द्वारा सीएए का मुद्दा उठाए जाने पर अनिल विज ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस इस देश में आग लगाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने झूठ बोलने की फैक्ट्री लगाई हुई है ! कांग्रेस के नेता जहां हर रोज नए-नए झूठ इजाद करते हैं कांग्रेस धर्म जाति के नाम पर देश में आग लगाना चाहती है पर अपने मकसद में कामयाब नहीं होगी !





















