
चंडीगढ़, 18 दिसंबर (विश्ववार्ता, गुरप्रीत): नागरिक संसोधन कानून लागू होने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे द्वारा जामिया कांड को जलियांवाला कांड से भी बड़ा बताये जाने वाले बयान पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने पलटवार करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे पर अब कांग्रेस का रंग चढ़ चुका है। विज ने कहा कि शिवसेना और उद्धव ठाकरे वही कहते हैं जो कांग्रेस चाहती है। उन्होंने कहा कि यह वो उद्धव ठाकरे नहीं रहे जो शिवसेना के हुआ करते थे। अनिल विज ने दिल्ली में जामिया कांड के ऊपर कांग्रेस व आप नेताओं के खिलाफ हुई एफआईआर पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो लोग लोकसभा और राज्यसभा में इस बिल को रोकना चाहते थे और वह पिट गए थे, उन्होंने ही दिल्ली में आगजनी करवाई है। विज ने कहा कि चंद राजनीतिक दल खासतौर पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस देश की शांति को भंग करना चाहते हैं। लेकिन लोग इनकी बातों में आने वाले नहीं है। वहीं आम आदमी पार्टी के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अनिल विज ने झूठ की फैक्ट्री बताते हुए कहा कि वह झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करना चाहते हैं।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर गृह मंत्री अनिल विज ने निशाना साधा जिसमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि दाल में कुछ काला है इसलिए सरकार माइनिंग और धान घोटाले की जांच नहीं करवा रही है। हुडा पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद भ्रष्टाचार के मामले में फंसे हुए हैं इसलिए उन्हें पूरी दुनिया भ्रष्टाचारी नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि किस बात की जांच करवाएं पहले हुड्डा यह बात स्पष्ट करें।





















