
आईपीएल 2024 के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात टाइटंस को हराया
लखनऊ ने लगाई जीत की हैट्रिक
चंडीगढ़, 8 अप्रैल (विश्ववार्ता) आईपीएल 2024 के 21वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने गुजरात टाइटंस को 33 रन से हरा दिया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. लखनऊ का यह चौथा मुकाबला था और उसने लगातार तीसरी जीत हासिल की. उसे पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार मिली थी. उसके बाद लखनऊ ने पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस को हराया. दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को 5 मैच में तीसरी हार का सामना करना पड़ा. उसने मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद को हराया है. चेन्नई सुपरकिंग्स और पंजाब किंग्स के बाद अब लखनऊ के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा.
लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी. लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 163 रन बनाए. गुजरात को जीत के लिए 164 रन का टारगेट मिला, लेकिन उसकी टीम 18.5 ओवर में 130 रन पर सिमट गई.





















