
हरियाणा में 9210 अध्यापकों के लिए राहत की खबर
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) हरियाणा में तबादले को लेकर लंबा इंतजार कर रहे 2017 बैच के 9210 अध्यापकों के लिए राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने उनके कार्यभार मुक्त व कार्यग्रहण पर लगी रोक को हटाते हुए तुरंत प्रभाव से नए स्कूलों में पदभार ग्रहण करने के आदेश जारी किए हैं। इस संबंध में मौलिक शिक्षा महानिदेशक ने सभी डीईईओ को निर्देश जारी किए हैं।
अक्तूबर 2023 में ही विभाग ने अध्यापकों को नए स्कूल और स्थायी जिले अलॉट कर दिए थे, लेकिन सत्र बीच में होने के चलते उनके तबादले नहीं हो सके। वहीं, मार्च में आचार संहिता लगने से उनके तबादले रोक दिए। बाद में आयोग की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद विभाग ने इस तबादला प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए अध्यापकों के स्टेशन छोडऩे और नए स्टेशन पर नियुक्ति को लेकर आदेश जारी किए हैं। जारी पत्र में कहा कि जिन अध्यापकों की बीएलओ ड्यूटी है या कोर्ट की ओर से स्टे दिया गया है, उन्हें अभी कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा।





















