
आईपीएल-2024 मे आज रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू और राजस्थान रॉयल्स होगे आमने सामने
चंडीगढ़, 6 अप्रैल (विश्ववार्ता) खराब फॉर्म से जूझ रही रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू (आरसीबी) और शानदार प्रदर्शन कर रही राजस्थान रॉयल्स दोनों को आज आईपीएल के मैच में अपने शीर्ष क्रम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी। आरसीबी के पास शीर्ष क्रम में कप्तान फाफ डुप्लेसिस, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन और रजत पाटीदार जैसे शानदार आक्रामक बल्लेबाज हैं, लेकिन कोई भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली दो अर्धशतक समेत 203 रन बनाकर आरेंज कैप हासिल कर चुके हैं, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला।
पाटीदार ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ 29 रन बनाए, लेकिन उनसे इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। सवाई मानसिंह स्टेडियम की पिच आरसीबी के घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम से मिलती जुलती है जिस पर बल्लेबाजों को शॉट्स खेलने में आसानी होगी। दूसरी ओर रॉयल्स के सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर अच्छी फॉर्म में नहीं हैं। यशस्वी अच्छी फॉर्म लेकर आईपीएल में आए थे, लेकिन तीन मैचों में 39 रन ही बना सके हैं। बटलर की भी यही कहानी है। इंग्लैंड के टी-20 कप्तान ने तीन मैचों में 35 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 85 का रहा है।





















