
चंडीगढ़, 5 अप्रैल (विश्ववार्ता) : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 17वें मैच गुरुवार को पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स को तीन विकेट से हरा दिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 199 रनों का स्कोर बनाया, जिसे पंजाब ने 19.5 ओवरों में सात विकेट खोकर हासिर लिया. इस सीजन का यह सबसे बड़ा सफल रन चेज है.
पंजाब की इस अविश्वसनीय जीत में शशांक सिंह और आशुतोष का अहम योगदान रहा. शशांक सिंह और आशुतोष ने सातवें विकेट के लिए 22 गेंदों पर ही 43 रनों की मैच विनिंग साझेदारी की. आशुतोष ने 17 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए. शशांक सिंह ने नाबाद 62 रन बनाए.
इससे पहले, गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 89 रनों की नाबाद पारी खेली. उनके अलावा साई सुदर्शन ने 19 गेंदों पर 33 रन बनाए. गिल ने 48 गेंदों पर छह चौके और चार छक्के लगाए. इस सीजन में पहली बार खेल रहे केन विलियमसन ने 26, रिद्धिमान साहा ने 11, विजय शंकर ने आठ रन और राहुल तेवतिया ने नाबाद 23 रन बनाए. गिल का इस सीजन का यह पहला अर्धशतक है. वहीं, बतौर कप्तान उनका यह पहला अर्धशतक है. इसके अलावा इस सीजन में किसी भी बल्लेबाज का यह अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है.





















