दिल्ली शराब घोटाले में ईडी का एक्शन जारी, एक और आप नेता की बढ़ी मुश्किलें
ईडी ने भेजा समन, आज पूछताछ के लिए बुलाया
चंडीगढ़, 30 मार्च (विश्ववार्ता) आम आदमी पार्टी के एक और नेता की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली सरकार में परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत को आज पूछताछ के लिए बुलाया है। प्रवर्तन निदेशालय ने समन जारी किया है।गहलोत पर आबकारी नीति का ड्राफ्ट तैयार करने का आरोप है. बता दें, दिल्ली शराब नीति मामले में नामजद आरोपियों में गिरफ्तार होने वाले विजय नायर पहले आरोपी थे. गहलोत पर आरोप है कि विजय नायर उनके घर पर रुकता था.गहलोत नजफगढ़ से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हैं और उनके पास मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में परिवहन, गृह और कानून विभाग हैं, जिन्हें खुद मामले के सिलसिले में संघीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गहलोत को दिल्ली आबकारी नीति में मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप के चलते पूछताछ के तहत अपना बयान देने के लिए बुलाया गया है.
इससे पहले छह दिन की रिमांड खत्म होने के बाद ईडी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बृहस्पतिवार दोपहर बाद दो बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर अपना पक्ष रखा। करीब दस मिनट तक अपनी दलीलें रखने के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी का मकसद उन्हें फंसाना था। भले ही उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं है। ईडी की रिमांड का विरोध नहीं कर रहे। वह जितने दिन चाहे उन्हें हिरासत में रख सकती है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि ईडी आप को खत्म करना चाहती है। साथ में पैसे इकट्ठा करने के लिए जांच एजेंसी जबरन वसूली का रैकेट भी चला रही है।