पंजाब व ट्राईसिटी मे बदला मौसम का मिजाज, हल्की बारिश से मौसम मे आई ठंडक
चंडीगढ़, 30 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब व ट्राईसिटी मे देर रात से मौसम ने करवट ली है। जिससे रातभर बादल गर्जाना करते रहे और छुट पुट बारिश से मौसम मे ठंडक आ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिन मे भी चंडीगढ़ और पंजाब के कुछेक इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के साथ एक परिसंचरण तंत्र उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और निचले वायुमंडल स्तर पर मंडरा रहा है, जिसके चलते मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
चंडीगढ़ स्थित मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दो दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है। इससे मौसम का मिजाज कुछ हद तक बदलेगा और लोगों को बढ़ती हुई गर्मी से राहत मिलेगी। गौर हो कि वीरवार 35.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ अब तक सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हालांकि शुक्रवार को दिन में हल्की हवाओं का दौर चला, लेकिन अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नजर नहीं आया। शुक्रवार को भी शहर का पारा 35.1 डिग्री सेल्सियस तक अटका रहा जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी तीन-चार दिनों में शहर के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। बारिश होती है तो न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। 30 और 31 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली समेत शेष पंजाब के कई इलाकों में गरज और चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी।