
पंजाब विधानसभा का बजट सत्र आज से हो रहा है शुरू
जानिये कब तक चलेगा बजट सत्र,इस तारिख को पेश होगा बजट
🛑 बजट सेशन हंगामेदार रहने के आसार
चंडीगढ़, 1 मार्च (विश्ववार्ता) पंजाब विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है, जो 15 मार्च तक चलेगा। इस बीच 5 मार्च को वित्त मंत्री हरपाल चीमा बजट पेश करेंगे। पंजाब में मौजूदा 16वीं विधानसभा का बजट कल सुबह 11 बजे राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। इस सेशन के हंगामेदार रहने के आसार है। विरोधी दल किसान आंदोलन व शुभकरन सिंह की मौत मामले समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे।
भाषण के बाद दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। 2- 3 मार्च (शनिवार, रविवार) को छुट्टी रहेगी। 4 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस होगी। बजट 5 मार्च को पेश किया जाएगा, जिस पर 6 मार्च को बहस होगी। 7-8 मार्च को सरकारी समारोह और अन्य बैठकें होंगी। फिर 9 और 10 मार्च (शनिवार, रविवार) को छुट्टी रहेगी, जिसके बाद बाकी दिनों में अन्य कार्य होंगे और विभिन्न बिल भी पारित किए जाएंगें। 15 मार्च तक चलने वाले बजट सत्र के दौरान 5 छुट्टियां रहेंगी।
मंत्रिमंडल की बैठक का विवरण साझा करते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पंजाब विधानसभा का बजट सत्र एक से 15 मार्च तक बुलाया जाएगा. उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट पांच मार्च को पेश किया जाएगा.
मंत्री ने बताया कि बजट सत्र एक मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा. उन्होंने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा चार मार्च को और बजट पर चर्चा छह मार्च को होगी. एक और फैसले में, कैबिनेट ने पिछले साल सुल्तानपुर लोधी में ड्यूटी के दौरान मारे गए होम गार्ड जसपाल सिंह के परिवार को विशेष मामले के रूप में अनुग्रह अनुदान को मंजूरी दे दी. जसपाल सिंह की मौत तब हुई जब पिछले साल नवंबर में कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में ‘निहंगों’ के एक समूह ने कथित तौर पर गोलीबारी की थी. यह घटना तब हुई जब पुलिसकर्मियों ने सुल्तानपुर लोधी में गुरुद्वारा अकाल बुंगा साहिब को ‘निहंगों’ के एक गुट से खाली कराने की कोशिश की।





















